फाउंड्री नगर में भीषण आग, दो गैस सिलिंडर फटने से दहशत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 10 मई 2026

फाउंड्री नगर में भीषण आग, दो गैस सिलिंडर फटने से दहशत

फाउंड्री नगर में भीषण आग, दो गैस सिलिंडर फटने से दहशत

आगरा के फाउंड्री नगर क्षेत्र में शनिवार को एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि घर में रखे दो रसोई गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार गणेश नगर निवासी देवेंद्र कुमार के मकान में परिवार के सदस्य मौजूद थे। तभी अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग तुरंत घर से बाहर निकल आए और किसी तरह अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग के दौरान घर में रखे दो गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए, जिससे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। धमाकों के बाद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने क्षेत्र के लोगों को दहला दिया।

video

Pages