जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष बंसल ने की जनपद में राष्ट्रीय जनगणना कार्य में नागरिकों से पूर्ण सहयोग की अपील
जनगणना के 33 सवालों का सही जवाब देना प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व राष्ट्रीय जनगणना कार्य में बाधा डालने पर जुर्माना व जेल दोनों का प्रावधान
आगरा:-जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में राष्ट्रीय जनगणना का कार्य संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। यह कार्य देश के विकास, भविष्य की योजनाओं तथा जनहितकारी नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य के दौरान यह बात सामने आयी है कि कई स्थानों पर नागरिकों द्वारा प्रगणकों को सहयोग नहीं दिया जा है और पूछे जा रहे 33 अनिवार्य सवालों के सही व स्पष्ट जवाब नहीं दिये जा रहे है।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील किया है कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के लिए एक अत्यन्त महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें गलत जानकारी देना या प्रगणकों को गुमराह करना देश के विकास में बाधा डालने जैसा है। जनगणना अधिनियम की धारा 08 के अन्तर्गत प्रत्येक नागरिक का यह कानूनी कर्तव्य है कि वह प्रगणक द्वारा पूछे गये सभी सवलों का सही और सत्य जवाब दें। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर गलत जानकारी देता है, सवालों के जवाब देने से इन्कार करता है, या प्रगणक के कार्य में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ धारा 11 के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी, जिसमें 1000/- रूपये जुर्माने और 03 साल की जेल का दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान है।
मुख्य बिन्दु जो नागरिकों के लिए जानना आवश्यक है:-
प्रगणक आपसे कुल 33 सवाल पूछने के लिए अधिकृत हैं, जो आपके परिवार, शिक्षा, रोजगार और आवास से संबंधित है,आपके द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय और विकास योजनाओं के लिए किया जाता है।
जब भी कोई प्रगणक आपके घर आए, तो उनके पहचान पत्र की जांच कर उन्हें पूरा सहयोग दें और सभी 33 सवालों के सटीक व सही जवाब दर्ज कराएं।
अतः सभी सम्मानित नागरिकों से अनुरोध है कि एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय दें, कानूनी कार्यवाही से बचें और इस राष्ट्रीय यज्ञ में अपना सही योगदान दें।
..............