यमुना में नहाते समय बड़ा हादसा: छह बच्चे डूबे, तीन की मौत, एक की तलाश जारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 13 मई 2026

यमुना में नहाते समय बड़ा हादसा: छह बच्चे डूबे, तीन की मौत, एक की तलाश जारी

यमुना में नहाते समय बड़ा हादसा: छह बच्चे डूबे, तीन की मौत, एक की तलाश जारी

आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस और पीएसी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और तैराकों की मदद से पुलिस ने पांच बच्चों को नदी से बाहर निकालकर तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। वहीं काजल और अंशू का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोर लगातार नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं। पुलिस टीम आसपास के घाटों और किनारों पर भी तलाश कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे नदी किनारे नहा रहे थे, तभी कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी तेज बहाव में फंस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए नदी में कूद पड़े और बचाव कार्य शुरू किया।

घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लापता बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यमुना किनारे खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

video

Pages