चेकिंग के दौरान फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई: चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सतर्कता दिखाते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना फतेहाबाद में तहरीर दी गई थी कि उसकी मोटरसाइकिल मोहल्ला जाटवान कलां क्षेत्र से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में मामले के शीघ्र खुलासे के लिए टीम गठित की गई। इसी क्रम में शनिवार को थाना फतेहाबाद पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ फतेहाबाद रेलवे पुलिया, अंडुआनपुरा रोड के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुलदीप तोमर पुत्र प्रदीप कुमार निवासी ग्राम शेखपुर धमैना, थाना शमशाबाद, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 29 अप्रैल को जाटवान कलां क्षेत्र से उक्त बाइक चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान, उपनिरीक्षक पवन कुमार, यासिर बेग, अनुज कुमार, अखिलेश कुमार एवं कांस्टेबल रोहित कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।