घरेलू कामगार निकली चोर: लोहामंडी पुलिस ने 2.75 लाख व जेवरात समेत अभियुक्ता को दबोचा
आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र में घर के अंदर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने वाली कोई बाहरी नहीं, बल्कि घर में काम करने वाली ही निकली। पुलिस ने उसके कब्जे से नगदी और जेवरात बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी द्वारा थाना लोहामंडी में सूचना दी गई कि उनकी अलमारी में रखे 2,75,000 रुपये, एक सोने की चैन और बच्चे के कड़े गायब हो गए हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अलमारी से चोरी किए जाने की आशंका जताई गई। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना लोहामंडी पर मु0अ0सं0 106/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनांक 03 मई 2026 को मोती कटरा क्षेत्र से अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह वादी के घर पर साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती थी। 02 मई को काम के दौरान उसने देखा कि कमरे की अलमारी खुली हुई है। मौका देखकर उसने अलमारी में रखे रुपये और जेवरात चुरा लिए और पहले उन्हें घर में ही छुपा दिया। बाद में मौका पाकर वह चोरी की रकम अपने घर ले गई।
अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से 2,75,000 रुपये नगद, 02 खड़वा, 01 ब्रेसलेट (सफेद धातु) बरामद किए हैं। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में घरेलू सहायकों के सत्यापन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।