बहुजन एकता की हुंकार: सामाजिक अधिकारों और चुनौतियों पर मंथन, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रिंकू सेठ से मिले समिति पदाधिकारी
आगरा। बहुजन समाज की एकजुटता और सामाजिक अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर समिति नादऊ के पदाधिकारियों ने भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रिंकू सेठ से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दलित एवं बहुजन समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, वर्तमान चुनौतियों और सामाजिक जागरूकता को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में समाज के लोगों को शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज भी दलित और बहुजन वर्ग कई सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहा है, जिसके समाधान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है। समाज में समानता, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देने के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान भी किया गया।
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रिंकू सेठ ने कहा कि बहुजन समाज की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और समाज के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों की एकता को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।