मलपुरा पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, नकबजनी का आरोपी घायल हालत में गिरफ्तार
आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में हुई नकबजनी और चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना मलपुरा पुलिस ने 08/09 मई 2026 की रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस .315 बोर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और उससे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी व नकबजनी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।