दिल्ली जाने को पैसे नहीं दिए तो बेटे ने ईंट से कुचला पिता का सिर, मौत के बाद गिरफ्तार
आगरा:-थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में शराब के नशे में हैवानियत की हद पार करते हुए एक बेटे ने अपने ही पिता की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दिल्ली जाने के लिए पैसे न देने पर आरोपी धर्मवीर ने पिता के सिर और पैर पर सीमेंट की ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सीमेंट की ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।
20 मई को वादी ने थाना एत्माद्दौला में सूचना दी कि उसका भाई धर्मवीर शराब का आदी है और आए दिन नशे में रहता है। 19 मई को धर्मवीर ने अपने पिता से दिल्ली जाने के लिए पैसे मांगे थे। पिता के मना करने पर वह गाली-गलौज कर घर से चला गया और रातभर घर में हंगामा करता रहा। 20 मई की सुबह करीब 2:45 बजे जब वादी और उसके पिता सब्जी लेने घर से निकले, तो नशे में धुत धर्मवीर ने पहले वादी पर हमला कर दिया। बचाव करने आए पिता के सिर और पैर पर आरोपी ने इंटर लॉकिंग सीमेंट की ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। तहरीर के आधार पर थाना एत्माद्दौला में मु0अ0सं0 149/2026 धारा 105/115(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पिता की हत्या कर फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। 21 मई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी धर्मवीर पुत्र स्व0 लालाराम निवासी नगला छदामी, थाना एत्माद्दौला को छदामी नगर में सीवर लाइन बाउंड्री के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल आधा इंटर लॉकिंग सीमेंट की ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।