आगरा मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 22 मई 2026

आगरा मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न

आगरा मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न

आगरा:- लघु सभागार में मण्डलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में मण्डलीय सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। विकास कार्य में अप्रैल माह में आगरा की रैंक 57, मैनपुरी 34, मथुरा 29 और फिरोजाबाद 23वें स्थान पर रहा। रैंक में सुधार लाने हेतु सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी। समीक्षा उपरान्त आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि मुख्यमंत्री आवास योजना में मैनपुरी और मथुरा की रैंक में सुधार लाने हेतु किश्त जारी की जाए। फैमिली आईडी में फिरोजाबाद व मैनपुरी की प्रगति में सुधार लाया जाए। व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में आगरा और फिरोजाबाद की प्रगति में सुधार लाया जाए। आईसीडीएस पोषण अभियान में सही डेटा दर्ज नहीं होने से रैंक प्रभावित होने पर संयुक्त विकास आयुक्त महोदय को निदेशालय से पत्राचार करने के निर्देश दिए। वहीं नई सड़कों के निर्माण और लोक शिकायत के अन्तर्गत प्रगतिमान निर्माण कार्यों की टाइमलाइन अद्यतन कराते हुए रैंक में सुधार लाने के निर्देश दिए। 

पशुपालन विभाग की समीक्षा हुई। आगरा के वृहद गोसंरक्षण केन्द्र फतेहपुरा, किरावली व फतेहाबाद कान्हा गौशाला में विद्युत कनैक्षन लगाये जाने के निर्देश दिए। गौशाला में लिंक गोचर भूमि में वृद्धि नहीं होने पर आयुक्त महोदय ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लिंक गोचर और बोए चारे की समीक्षा करें। मथुरा को छोड़कर अन्य जिलों में लिंक गोचर भूमि के सापेक्ष हरा चारा कम बोया जा रहा है, इसमें वृद्धि की जाए। निराश्रित गौवंश सहभागिता योजना एवं भरण पोषण हेतु अवशेष भुगतान किए जाएं। पंचायती राज विभाग की समीक्षा की गयी। निर्देश दिए कि आगरा के शेष 7 ग्राम को ओडीएफ प्लस माॅडल ग्राम बनाये जाएं। प्राथमिक शिक्षा विभाग में मण्डल में अवशेष 07 परिषदीय विद्यालयों को बाउण्ड्रीवाॅल निर्माण से संतृप्त किया जाए। कुल 1081 विद्यालयों को फर्नीचर पैरामीटर्स से पूर्ण संतृप्त बनाए जाने के निर्देश दिए। मण्डल में परिषदीय विद्यालयों में माह अप्रैल में नामांकन किए गये बच्चों का सहायक निदेशक शिक्षा विभाग में शत प्रतिशत नामांकन किए जाने के निर्देश दिए। 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अवगत कराया गया कि आगरा में 15.4 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 11.22, मथुरा में 13.63 और मैनपुरी में 8.52 प्रतिशत लाभार्थी परिवार में एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाये जाने हेतु मण्डल में 48 प्रतिशत कार्य होना अवशेष है। राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना में विगत माह सिर्फ 13 आवेदन आये जिसमें सभी का कार्ड बनाए जा चुके हैं। पीएम सूर्य घर योजना मुफ्त बिजली योजना में निर्देश दिए कि निरंतर समीक्षा कर संयत्र स्थापित करने की प्रगति बढ़ाई जाए। वहीं 25 कि0वा0 से अधिक क्षमता वाले सरकारी भवनों में 110 भवनों में सर्वे हो जाने के बावजूद सिर्फ 15 भवनों पर ही सोलर रूफटाॅप की स्थापना की गयी है। इसे लेकर आयुक्त महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी, कार्य प्रगति में तेजी लाये जाने अन्यथा की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी दी। 

ग्राम्य विकास के तहत निर्देश दिए कि पीएम आवास योजना में मथुरा में 2 तथा मैनपुरी में 3 आवास बनाए जाने अवशेष है। सीएम आवास योजना में भी आगरा में 3, मथुरा में 11, फिरोजाबाद में 4 तथा मैनपुरी में 53 लाभार्थियों को प्रथम किश्त जारी की जाए। मण्डल में प्रशिक्षण प्राप्त सभी सखियों को डिवाइस उपलब्ध कराई जाए। अत्याचारों से उत्पीड़ित अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों की आर्थिक सहायता हेतु 519 प्रकरणों में पीड़ितों का भुगतान किया जाए। खाद्य रसद में रिक्त 30 राशन दुकानों के सापेक्ष नये चयन की कार्यवाही समयान्तर्गत कराया जाये। 

मण्डल में 50 करोड़ की लागत से ऊपर की योजनाओं की समीक्षा की गई। आगरा के लेडी लायल महिला चिकित्सालय परिसर में विस्तारीकरण योजना, शिल्पग्राम में यूनिटी माॅल का निर्माण कार्य आदि की धीमी निर्माण प्रगति पर आयुक्त महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी नियमित अंतराल पर निर्माण स्थल का निरीक्षण एवं कार्य प्रगति में तेजी लाए जाना सुनिश्चित करें। आगरा जल सम्पूर्ति परियोजना की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई। यमुना पार क्षेत्र में भूमिगत जलाशय का निर्माण कार्य त्वरित प्रारंभ करने अन्यथा की स्थिति में लापरवाह बरतने वाले संबंधित के खिलाफ एक्शन लेने की चेतावनी दी। मथुरा जिलाधिकारी को निर्माणाधीन सर्किट हाऊस की माॅनीटरिंग करने, सौभरि वन के पास निर्माणाधीन एसटीपी तक एप्रोच रोड़ का जीर्णोद्धार करने के निर्देश दिए। अंत में आगरा फिरोजाबाद में एक-एक हेलीपेड बनाए जाने हेतु भूमि का चयन करने तथा मथुरा में बने पवनहंस हेलीपेड का आधुनिक कायाकल्प कराए जाने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों की समीक्षा से पूर्व बैठक में वन विभाग अधिकारी द्वारा जुलाई माह में वृहद स्तर पर चलने वाले वृक्षारोपण अभियान हेतु की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गयी। अवगत कराया गया कि आगरा मण्डल में लगभग 1.64 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है जिसके सापेक्ष मण्डल की 75 पौधशालाओं में 2.42 करोड़ पौैधे उपलब्ध हैं। रोपण स्थल का चिन्हीकरण कर लिया गया। गड्ढा खुदान का कार्य जारी है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के माइक्रोप्लान बनाकर पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। जानकारी दी गयी कि विगत वर्षों में जो पौधारोपण हुआ है, वन विभाग द्वारा उनकी लगातार सिंचाई, निराई गुड़ाई और थावलेबंदी कर सिंचाई करने का कार्य किया जा रहा है। 

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल, मथुरा जिलाधिकारी  सी पी सिंह, फिरोजाबाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मैनपुरी जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी श्रीमती नेहा बंधु, मुख्य विकास अधिकारी मथुरा श्रीमती डा0 पूजा गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद शत्रोहन वैश्य एवं समस्त मण्डलीय अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages