धर्मेंद्र बने मिस्टर फेयरवेल, वंशिता ने जीता मिस फेयरवेल का खिताब
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) आगरा में डीएलएड बैच-2023 के सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएलएड बैच-2024 के प्रशिक्षुओं द्वारा किया गया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भावनात्मक पलों ने सभी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नताशा यादव एवं उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट आगरा अनिरुद्ध यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. नताशा यादव ने कहा कि दो वर्षों के प्रशिक्षण काल में छात्रों ने अनेक यादें संजोई होंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान से पुरातन छात्र के रूप में हमेशा जुड़ाव बनाए रखना चाहिए तथा संस्थान से मिले संस्कार और मूल्य व्यवहार में दिखाई देने चाहिए।
उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने कहा कि वरिष्ठ छात्रों का दायित्व होता है कि वे अपने अनुभवों से जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करें। उन्होंने डीएलएड बैच-2023 के प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
फेयरवेल समारोह में डीएलएड बैच-2023 के प्रशिक्षु धर्मेंद्र को मिस्टर फेयरवेल तथा वंशिता अंगद को मिस फेयरवेल चुना गया। कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु चारु अग्रवाल एवं हर्षवर्धन ने किया।
समारोह में प्रवक्ता अनिल कुमार, यशवीर सिंह, डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, संजीव कुमार सत्यार्थी, पुष्पेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, अबु मुहम्मद आसिफ, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, हिमांशु सिंह, रंजना पांडेय सहित समस्त डायट स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में कक्षाअध्यापक रंजना पांडेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।