आगरा में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, पड़ोसी को बनाया निशाना—चार गिरफ्तार, एक फरार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 3 मई 2026

आगरा में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, पड़ोसी को बनाया निशाना—चार गिरफ्तार, एक फरार

आगरा में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, पड़ोसी को बनाया निशाना—चार गिरफ्तार, एक फरार

आगरा। सदर बाजार क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए शातिर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। नशे के आदी युवकों ने महज कुछ पैसों के लिए अपने ही पड़ोसी को निशाना बनाकर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

घटना 29 अप्रैल की है। बाग राजपुर, शहीद नगर निवासी पीड़ित युवक रोज की तरह दूध लेने जा रहा था। रास्ते में वह एक अटैची बेचने वाले से बातचीत कर रहा था, तभी दो युवक पीछे से आए और उसके गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर 30 अप्रैल को थाना सदर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीओडी ग्राउंड क्षेत्र से तीन मुख्य आरोपी—अरुण उर्फ छोटू, विश्वास उर्फ विक्की और अयान उर्फ अज्जू—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की चेन को बेचने में एक ज्वैलर भी शामिल था, जिसके बाद कुमरपाल राजपूत को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी दोस्त हैं और नशे की लत के कारण पैसों की जरूरत में उन्होंने इस वारदात की योजना बनाई। अरुण ने अपने पड़ोसी को टारगेट किया, जो रोज शाम को दूध लेने जाते समय सोने की चेन पहनते थे। योजना के तहत अरुण और विक्की निगरानी करते थे, जबकि अयान और फरार आरोपी आशीष ने चेहरा छिपाकर चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया।

वारदात के बाद चेन को तीन हिस्सों में तोड़कर कहरई मोड़ स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर बेच दिया गया। इसके बदले आरोपियों को 54 हजार रुपये मिले थे, जबकि शेष रकम बाद में देने की बात तय हुई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41,340 रुपये नकद, सोने की चेन के 22 टुकड़े, दो कुंडे, एक कुंडा कड़ी सहित पिघले हुए सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

video

Pages