आगरा में भाजपा की 2027 चुनावी तैयारियां तेज, प्रचार रथ से घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
आगरा। आगामी 2027 चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आगरा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए “नरेंद्र से नरेंद्र की ओर” अभियान के तहत आगरा लोकसभा क्षेत्र में विशेष प्रचार रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
इस रथ यात्रा का उद्घाटन होटल होली डे इन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता इं. किशन (सीटू चौहान) ने पार्टी का ध्वज फहराकर किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं—जैसे आयुष्मान कार्ड योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन और अन्य प्रधानमंत्री योजनाओं—की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि पात्र लोग इनका अधिकतम लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि यह रथ आगरा लोकसभा क्षेत्र के गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा। रथ यात्रा के साथ विशेषज्ञों की टीम भी रहेगी, जो लोगों की समस्याएं सुनेगी और उन्हें योजनाओं के लिए आवेदन करने में मदद करेगी। साथ ही मौके पर दस्तावेजों की जांच और पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में भगवा ध्वज फहराकर रथ को रवाना किया गया। यह रथ आगामी दिनों में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करेगा। आयोजकों ने लक्ष्य रखा है कि अगले तीन महीनों में कम से कम 20 हजार पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त सीओ धर्मेंद्र चौहान, श्याम सुंदर परमार, अभिषेक सिंह, बसंत यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।