सिंगल पिलर तकनीक से बदलेगी आगरा की रफ्तार, मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर बनेगा ट्रैफिक का नया समाधान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 9 मई 2026

सिंगल पिलर तकनीक से बदलेगी आगरा की रफ्तार, मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर बनेगा ट्रैफिक का नया समाधान

सिंगल पिलर तकनीक से बदलेगी आगरा की रफ्तार, मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर बनेगा ट्रैफिक का नया समाधान

आगरा में तेजी से आकार ले रही मेट्रो परियोजना अब आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों के सहारे विकास की नई मिसाल पेश कर रही है। आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPMRC) द्वारा सिंगल पिलर तकनीक के जरिए ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। यह तकनीक खासतौर पर भीड़भाड़ और कम जगह वाले इलाकों के लिए बेहद कारगर मानी जा रही है।

आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाले इस कॉरिडोर में कुल 15 ऐलिवेटिड स्टेशन तैयार किए जाएंगे। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल एमजी रोड पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मेट्रो प्रशासन का प्रयास है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो और आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

क्या है सिंगल पिलर तकनीक?

पारंपरिक मेट्रो स्टेशन निर्माण में तीन ग्रिड में पिलर खड़े कर उनके ऊपर हॉरिजोंटल बीम बनाई जाती हैं, जिससे कॉनकोर्स और प्लेटफॉर्म तैयार होते हैं। इस प्रक्रिया में अधिक जगह घिरती है और ट्रैफिक पर भी बड़ा असर पड़ता है।

लेकिन आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में अपनाई जा रही सिंगल पिलर तकनीक इससे बिल्कुल अलग है। इसमें केवल बीच में एक ग्रिड पर पिलर खड़े किए जाते हैं और उनके ऊपर लंबी क्रॉस आर्म बीम रखकर स्टेशन का निर्माण किया जाता है। इससे कम जगह में स्टेशन तैयार हो जाता है और सड़क का बड़ा हिस्सा यातायात के लिए खुला रहता है।

ट्रैफिक पर कम असर, सड़क चौड़ीकरण में भी सहूलियत

एमजी रोड जैसे अत्यधिक व्यस्त मार्ग पर यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो रही है। कम जगह घिरने से यातायात सामान्य रूप से चलता रहता है। साथ ही भविष्य में सड़क चौड़ीकरण की जरूरत पड़ने पर भी मेट्रो स्टेशन बाधा नहीं बनेंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, सिंगल पिलर तकनीक न केवल आधुनिक इंजीनियरिंग का उदाहरण है, बल्कि यह शहर के सौंदर्य को भी बेहतर बनाती है। इससे पूरा कॉरिडोर अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई देगा।

यमुनापार क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा

आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाला दूसरा मेट्रो कॉरिडोर शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने से यमुनापार क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लोग आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, एमजी रोड, संजय प्लेस और अन्य प्रमुख इलाकों तक तेज और सुविधाजनक सफर कर सकेंगे।

दूसरे कॉरिडोर के प्रस्तावित स्टेशन

इस कॉरिडोर में आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस, एमजी रोड, सुलतानगंज, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर, आगरा मंडी और कालिंदी विहार समेत कुल 15 स्टेशन बनाए जाएंगे।

बदल रही है आगरा की तस्वीर

आगरा मेट्रो परियोजना केवल एक यातायात सुविधा नहीं, बल्कि शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक विकास की नई पहचान बनती जा रही है। आधुनिक तकनीक, बेहतर प्लानिंग और तेज निर्माण कार्य के जरिए यह परियोजना आने वाले समय में आगरा की ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

video

Pages