तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार को रौंदा, हालत गंभीर; स्कूल संचालक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 9 मई 2026

तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार को रौंदा, हालत गंभीर; स्कूल संचालक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार को रौंदा, हालत गंभीर; स्कूल संचालक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल बस चालक, स्कूल संचालक और प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कटरा जोगीदास, ताजगंज निवासी 32 वर्षीय अंकित अग्रवाल अपनी एक्टिवा स्कूटी से खेराती टोला से पुरानी मंडी चौराहा की ओर जा रहे थे। आरोप है कि सामने से आ रही प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस तेज गति और गलत दिशा में चल रही थी। इसी दौरान बस ने अंकित की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल अंकित अग्रवाल को तत्काल उपाध्याय हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें लॉयर्स कॉलोनी स्थित पोलारिस हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के संबंध में अंकित अग्रवाल की पत्नी शिखा अग्रवाल ने थाना ताजगंज में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने स्कूल बस चालक के साथ-साथ प्रिल्युड पब्लिक स्कूल के संचालक डॉ. सुशील गुप्ता और प्रिंसिपल पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

ताजगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages