शादी की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ऑटो को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
आगरा:-उत्तर प्रदेश पुलिस के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित बिचपुरी में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिता और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी नेमीचंद अपने परिवार के साथ आगरा के सदरवन गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह परिवार के पांच सदस्य ऑटो में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी बिचपुरी क्षेत्र में सामने से तेज गति से आ रही एंबुलेंस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला।
इस दर्दनाक हादसे में ऑटो चालक नेमीचंद (36) और उनके 14 वर्षीय बेटे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी कांता, बेटे गोविंदा और निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार नेमीचंद दिल्ली में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने चाचा विपत्ति की बेटी सोनम की शादी में शामिल होने पूरे परिवार के साथ आगरा आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि शादी में शामिल होने आया यह परिवार ऐसे दर्दनाक हादसे का शिकार हो जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। एंबुलेंस चालक से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।