हरियाणा में दर्दनाक हादसा: आगरा के एक ही परिवार की दो महिलाओं और 3 साल के मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 11 मई 2026

हरियाणा में दर्दनाक हादसा: आगरा के एक ही परिवार की दो महिलाओं और 3 साल के मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

हरियाणा में दर्दनाक हादसा: आगरा के एक ही परिवार की दो महिलाओं और 3 साल के मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

हरियाणा पुलिस क्षेत्र के सोहना रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में आगरा के पिनाहट क्षेत्र के रहने वाले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो महिलाओं और तीन साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव जोर निवासी रामनिवास वर्मा तथा थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव भदरौली निवासी गजेंद्र सिंह आपस में जीजा-साले हैं और गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में कार्य करते हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे दोनों परिवार अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ ऑटो से गुरुग्राम के लिए रवाना हुए थे।

बताया गया है कि शनिवार सुबह करीब दो बजे सोहना चौक के पास पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे डंपर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

इस भीषण दुर्घटना में रामनिवास की पत्नी अर्चना (22 वर्ष), पुत्री साक्षी (6 वर्ष), पुत्र मृदुल (3 वर्ष), गजेंद्र सिंह निवासी भदरौली, उनकी पत्नी चांदनी (30 वर्ष), गजेंद्र की साली कांति (20 वर्ष), कुंवरसेन निवासी सूरजपाल थाना शमशाबाद, यशपाल सिंह की पत्नी प्रीति, पुत्री तमन्ना, पुत्र लक्की निवासी गोपी का पुरा थाना बासौनी तथा अयांश पुत्र गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय मासूम मृदुल, चांदनी और कांति को मृत घोषित कर दिया।

शनिवार रात पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही तीनों शव गांव पहुंचे, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम दिखाई दी। अन्य घायलों की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

video

Pages