भीम आर्मी ने उठाई अम्बेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण और अवैध कब्जे को हटाने की मांग
जनपद आगरा:- भीम आर्मी (भारत एकता मिशन) ने आगरा के नगर आयुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर राजीव नगर गुलाब नगर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। और इसके तत्काल सौंदर्यीकरण की मांग की है।
संगठन द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, राजीव नगर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा लगभग 40 वर्ष पुरानी है। उचित रखरखाव के अभाव में वर्तमान में यह प्रतिमा और पूरा पार्क जर्जर स्थिति में पहुँच चुका है।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों पर पार्क को नुकसान पहुँचाने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पार्क में गंदगी फैलाई जा रही है। पार्क की भूमि पर 8×8 फीट के एक छोटे मंदिर के नाम पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
विरोध करने पर ये लोग झगड़े पर उतारू हो जाते हैं, जिससे क्षेत्र में सामाजिक रोष व्याप्त है।
भीम आर्मी के महानगर उपाध्यक्ष रोहित सागर और चंद्रपाल सिंह ने प्रशासन से विनम्र निवेदन किया है कि पार्क की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए और प्राथमिकता के आधार पर इसका सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि वे संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रख रहे हैं और प्रशासन को इस पर जल्द उचित कार्रवाई करनी चाहिए।