जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में ज्यूडिशरी-डे आयोजित, न्यायिक अधिकारियों व बार एसोसिएशन सदस्यों ने की स्व-गणना
आगरा में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत चलाए जा रहे स्व-गणना अभियान के तहत सोमवार को ज्यूडिशरी-डे/न्यायिक दिवस का आयोजन बार एसोसिएशन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी श्रीमती नीलम तिवारी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर अजय कुमार शर्मा ने पीपीटी प्रेजेंटेशन और लघु फिल्म के माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को बताया कि स्व-गणना पोर्टल पर किस प्रकार चरणबद्ध तरीके से जानकारी दर्ज करनी है और मकान गणना से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मा. जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक सहित सभी न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मौके पर ही स्व-गणना पोर्टल पर सूचना भरकर अपनी स्व-गणना पूरी की।
मास्टर ट्रेनर द्वारा यह भी बताया गया कि मकान गणना एवं जनगणना से संबंधित सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल अधिकृत जनगणना कार्यों के लिए ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया बेहद सरल है। नागरिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर राज्य का चयन कर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद परिवार, मकान, सुविधाओं एवं अन्य जानकारियों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर भरकर स्व-गणना पूरी की जा सकती है।
उप जिलाधिकारी श्रीमती नीलम तिवारी ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सभी नागरिक स्वयं स्व-गणना कर देश की प्रगति में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 देश के विकास, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद नागरिकों को एक Self Enumeration ID (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जब जनगणना अधिकारी घर पहुंचेगा तो केवल SE ID दिखाने पर दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बार एसोसिएशन के सदस्य, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।