फतेहपुर सीकरी स्मारक में छात्रा से दुष्कर्म, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
आगरा विश्व विख्यात स्मारक क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक छात्रा के साथ दरिंदगी की गई। स्मारक घूमने आई 19 वर्षीय छात्रा के साथ फतेहपुर सीकरी निवासी कासिम ने दुष्कर्म किया। उसका साथी संजय कुरैशी निगरानी करता रहा। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छात्रा के बताए हुलिए से आरोपियों को चिह्नित कर लिया। देर रात मुठभेड़ में मुख्य आरोपी कासिम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि संजय भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय छात्रा स्मारक घूमने आयी थी। तभी उसको लघु शंका के लिए एक निर्जन स्थान पर जाना पड़ा। इसी दाैरान आरोपियों ने उसका पीछा किया और एक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद बदहवास हालत में छात्रा थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई।थाना प्रभारी फतेहपुर सीकरी आनंद वीर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रात करीब 12 बजे उंदेरा, नहरपुर के पास आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देख कासिम ने तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी संजय भाग निकला। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।