कपड़ों से भरा ऑटो उड़ाकर ले गए चोर, एत्मादपुर पुलिस ने दबोचे दो शातिर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 8 मई 2026

कपड़ों से भरा ऑटो उड़ाकर ले गए चोर, एत्मादपुर पुलिस ने दबोचे दो शातिर

कपड़ों से भरा ऑटो उड़ाकर ले गए चोर, एत्मादपुर पुलिस ने दबोचे दो शातिर

आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में ऑटो चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ऑटो, कपड़ों और कॉस्मेटिक सामान से भरे बंडल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार बेनीगंज थाना छत्ता निवासी कन्हैया पुत्र लवनेश ने 6 मई 2026 को थाना एत्मादपुर में तहरीर देकर बताया था कि 2 मई की रात उनका ऑटो चोरी हो गया। ऑटो में रेडीमेड कपड़े, होजरी और लेडीज कॉस्मेटिक सामान रखा हुआ था। मामले में थाना एत्मादपुर पर मुकदमा संख्या 160/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने हनुमानधाम कॉलोनी वाली सड़क के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 2 मई की रात करीब 9 बजे जमरुद्दीन के कहने पर रामलीला ग्राउंड के सामने वाली गली, एत्मादपुर से ऑटो चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का ऑटो, रेडीमेड कपड़ों और कॉस्मेटिक सामान के 8 बंडल, 610 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमरुद्दीन पुत्र आलमगीर निवासी सुशील नगर थाना एत्माद्दौला तथा शाहरुख उर्फ सारुक उर्फ चूहा पुत्र शकील निवासी सुशील नगर थाना एत्माद्दौला के रूप में हुई है।

इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक अग्रवाल, उपनिरीक्षक अंकित शर्मा, हेड कांस्टेबल सत्यपाल सिंह और हेड कांस्टेबल मोहम्मद दीन की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

video

Pages