आगरा रामलीला ग्राउंड से झुग्गियां हटाने की तैयारी, प्रशासन ने 11 जून तक दिया अंतिम अल्टीमेटम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 10 जून 2026

आगरा रामलीला ग्राउंड से झुग्गियां हटाने की तैयारी, प्रशासन ने 11 जून तक दिया अंतिम अल्टीमेटम

रामलीला ग्राउंड से झुग्गियां हटाने की तैयारी, प्रशासन ने 11 जून तक दिया अंतिम अल्टीमेटम

आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने थाना रकाबगंज क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड में बनी झुग्गी-झोंपड़ियों को हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में मुनादी कराकर निवास कर रहे लोगों को 11 जून तक स्वयं स्थान खाली करने की चेतावनी दी है।

प्रशासन के अनुसार, रामलीला ग्राउंड की भूमि पर अवैध रूप से झुग्गी-झोंपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने लोगों को पहले से सूचना देने के उद्देश्य से मुनादी कराई, ताकि प्रभावित परिवार समय रहते अपने सामान और आशियाने को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर सकें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 11 जून तक यदि संबंधित लोग स्वयं भूमि खाली नहीं करते हैं, तो प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई कर अवैध निर्माणों को हटाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। मुनादी के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि कार्रवाई के समय किसी प्रकार का विरोध या अवरोध उत्पन्न करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

रामलीला ग्राउंड में रहने वाले लोगों के बीच प्रशासन की चेतावनी के बाद हलचल तेज हो गई है। कई परिवार अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी में जुट गए हैं।

प्रशासन ने दोहराया है कि कार्रवाई से बचने के लिए संबंधित लोग निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं स्थान खाली कर दें, अन्यथा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

video

Pages