आगरा में ऑटो का झांसा देकर कार में बैठाया, फिर लूटकर सड़क पर फेंका; चार शातिर गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 10 जून 2026

आगरा में ऑटो का झांसा देकर कार में बैठाया, फिर लूटकर सड़क पर फेंका; चार शातिर गिरफ्तार

आगरा में ऑटो का झांसा देकर कार में बैठाया, फिर लूटकर सड़क पर फेंका; चार शातिर गिरफ्तार

आगरा। थाना एकता पुलिस ने सवारी बनकर लोगों को निशाना बनाने वाले एक शातिर लूट गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनार कार और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जून 2026 को वह बिजलीघर चौराहे पर अपने घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक वैगनार कार वहां आकर रुकी, जिसमें पहले से तीन लोग सवार थे। घर जाने की जल्दबाजी में वह भी कार में बैठ गया।

आरोप है कि फतेहाबाद रोड पर जाम होने का बहाना बनाकर चालक कार को शमशाबाद की ओर वैकल्पिक रास्ते से ले गया। रजरई क्षेत्र के पास पहुंचने पर चालक और उसके साथियों ने पीड़ित का बैग छीन लिया, जिसमें 2,900 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना एकता पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुतिला पुल से बगदा पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन सिंह, सौरभ, राम बरन और सौरभ स्वरूप के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनार कार तथा 420 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी करन सिंह ने बताया कि वह बरामद कार को किराये पर चलाता है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से बिजलीघर क्षेत्र से एक व्यक्ति को कार में बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर उससे नकदी एवं सामान लूट लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है।

थाना एकता पुलिस की इस कार्रवाई से एक संगठित लूट गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन के बजाय अनजान निजी वाहनों में बैठने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

video

Pages