केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी, स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 14 जून 2026

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी, स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी, स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं

आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के एलटी-4 सभागार में विशेष संवाद एवं प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘12 साल के विश्वास, विकास और जनकल्याण’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव तथा एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के अंतर्गत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज को महत्वपूर्ण सुविधाएं प्राप्त हुई हैं। इसी का परिणाम है कि आज यहां ओपन हार्ट बाईपास सर्जरी जैसी जटिल चिकित्सा सेवाएं सफलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले जिन गंभीर उपचारों के लिए मरीजों को बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था, अब वही सुविधाएं आगरा में ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को केंद्र सरकार की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं में बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से लाखों लोगों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है और मरीजों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भी इसी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। उन्होंने पिछले वर्षों में मेडिकल कॉलेज में हुए सकारात्मक बदलावों और बेहतर चिकित्सा सेवाओं की सराहना की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार आमजन तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नेशनल हेल्थ मिशन, ई-संजीवनी और एबीएचए आईडी जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया गया है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि देश में एम्स संस्थानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी आई है तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं के स्वास्थ्य और टीकाकरण कार्यक्रमों को भी सरकार की प्राथमिकता बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण आंकड़े और उपलब्धियां प्रस्तुत की गईं। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य जांच अभियानों, कैंसर स्क्रीनिंग, सस्ती दवाओं की उपलब्धता और डिजिटल हेल्थ सेवाओं के विस्तार से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

संगोष्ठी में डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. पूरन डाबर, डॉ. पंकज सहित शहर के अनेक प्रबुद्धजन, चिकित्सक, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में देश और प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सार्थक संवाद हुआ। उपस्थित लोगों ने चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं के विस्तार की अपेक्षा व्यक्त की।

video

Pages