आगरा बल्केश्वर पार्क में गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश, 200 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
आगरा:- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, आगरा द्वारा बल्केश्वर पार्क में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मित्तल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई। पूरे परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मित्तल ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, समाज सशक्त और राष्ट्र समृद्ध बनता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं MIGFRE के निदेशक मनीष नेमिरा मित्तल ने कहा कि योग भारत की विश्व को अमूल्य देन है। आज पूरा विश्व योग की महत्ता को स्वीकार कर रहा है। युवाओं को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनना चाहिए।
योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक दीपा जी ने किया। इस दौरान रीना जालान (को-चेयरमैन, MIGFRE), डॉ. स्वाति चंद्रा (को-डायरेक्टर, MIGFRE), राखी अग्रवाल, ऋषि मित्तल, वेद मित्तल, शिक्षा, मानसी, गिर्राज बंसल, पूजा बंसल, गुड्डू और योगाचार्य पवन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्रीड़ा भारती की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष रीनेश मित्तल, जिला महामंत्री एवं मातृशक्ति प्रमुख ममता सिंह, महानगर क्रीड़ा केंद्र मातृशक्ति प्रमुख ललित सिंह, महानगर मातृशक्ति प्रमुख मनी शर्मा, ईशा, चंद्र प्रकाश (जिला मंत्री) तथा संहदोष गौतम की विशेष उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क ब्लड प्रेशर एवं रक्त जांच शिविर भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अनुराग गोयल, निखिल मतलानी, देवेंद्र कुमार, रामकुमार गोयल, दीपक शर्मा, अमित गर्ग और संजीव शर्मा सहित अनेक व्यापारी एवं समाजसेवी भी मौजूद रहे। सभी ने योग को अपनाने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
आयोजन की सफलता में MIGFRE समूह के निर्मल चौहान, यतेंद्र सारस्वत, मुकेश कुमार, ममता बघेल, गीता मैम, रंजीत सर, मयंक सर, राजीव सर और सामी सहित शिक्षकों, कर्मचारियों तथा क्रीड़ा भारती के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, अपने परिवार और समाज को योग से जोड़ने तथा योग के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। राष्ट्र के स्वास्थ्य, समृद्धि, सुख-शांति और विश्व कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।