विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, छात्र-छात्राओं ने जाना सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सफर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 20 जून 2026

विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, छात्र-छात्राओं ने जाना सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सफर

विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, छात्र-छात्राओं ने जाना सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सफर

आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बीएसएनएल ग्राउंड में लगाई गई चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी एवं मेले के तीसरे दिन छात्र-छात्राओं और आमजन की भारी भीड़ उमड़ी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में आगंतुकों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विज्ञान एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों ने विशेष रुचि के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षिक नवाचारों, सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास मिशन, कृषि, स्वास्थ्य, माटीकला बोर्ड और उद्यान विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मेले में आए लोगों को कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं, किसान कल्याण कार्यक्रमों, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित उद्यमिता और रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता और उनके सकारात्मक प्रभावों से भी लोगों को अवगत कराया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित "सेल्फी विद पीएम" और श्रीराम मंदिर मॉडल सेल्फी प्वाइंट युवाओं और विद्यार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में युवाओं ने यहां सेल्फी लेकर अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किए। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले आगंतुकों ने सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। सूचना एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकगायन और नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने गीतों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास प्रदर्शनी एवं मेले का लाभ उठाएं, विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं में पंजीकरण कर लाभान्वित हों। यह प्रदर्शनी 20 जून 2026 तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

video

Pages