आगरा में व्यापारियों से मिले अखिलेश यादव, 2027 चुनाव की तैयारियों के बीच जानी समस्याएं
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने शनिवार को आगरा दौरे के दौरान शहर के व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित इस बैठक में व्यापार, उद्योग और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शाम को आवास विकास कॉलोनी स्थित दक्षिण विधानसभा सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के आवास पर आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कहा कि महाराजा अग्रसेन का समाजवाद विश्व के लिए एक अनूठा संदेश है। उन्होंने कहा कि “एक रुपया और एक ईंट” का सिद्धांत सामाजिक सहयोग और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसका अनुसरण समाजवादी पार्टी भी करती है।
बैठक में व्यापारियों ने शहर और व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। छोटे एवं मझोले व्यापारियों से लेकर बड़े उद्यमियों तक की चुनौतियों पर चर्चा हुई। व्यापारियों ने व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन, व्यापारियों के लिए पेंशन व्यवस्था, लाइसेंसी हथियारों की सुविधा तथा बीमा सीमा बढ़ाने जैसी मांगें रखीं।
अखिलेश यादव ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग के विकास के बिना प्रदेश की आर्थिक प्रगति संभव नहीं है।
बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने आगरा के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जानकारी ली। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बैराज परियोजना, खंडपीठ की स्थापना, आईटी हब, रिवरफ्रंट परियोजना तथा प्रदूषण मुक्त उद्योगों की वर्तमान स्थिति के बारे में व्यापारियों से चर्चा की।
पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने कहा कि वह लगातार आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और वैश्य समाज की समस्याओं को शासन, प्रशासन और पुलिस के समक्ष उठाते रहे हैं तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव ने उन्हें अग्रवाल, वैश्य एवं व्यापारी समाज की प्रमुख समस्याओं की सूची तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए।
बैठक में आगरा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर, वरिष्ठ नेता राकेश अग्रवाल, सुशील गुप्ता, हिमांशु, सोमेश गुप्ता, राजपाल यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर अपने सुझाव एवं मांगें रखीं।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति और व्यापारी वर्ग के साथ संवाद स्थापित करने की दिशा में समाजवादी पार्टी का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि व्यापारियों के बीच पहुंच बनाकर सपा आगरा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने जनाधार को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।