आगरा में आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 14 जून 2026

आगरा में आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

आगरा में आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

आगरा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार 14 जून को आगरा दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे शमसाबाद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल, प्रतिमा अनावरण स्थल और जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, बैठने की क्षमता, ध्वनि प्रणाली, पेयजल की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा हेलीपेड की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रहनी चाहिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंचीय व्यवस्था, डाइस प्लान, प्रतिमा अनावरण स्थल पर उपस्थित रहने वाले विशिष्ट अतिथियों की सूची तथा जनसभा के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसभा स्थल पर पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा लोगों की सुविधा के लिए छायादार स्थानों और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा शौचालयों की स्वच्छता, पार्किंग स्थलों के चयन और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि रक्षा मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आगमन को लेकर शमसाबाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण को ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

video

Pages