कपड़ा कारोबारी के घर हथियारबंद बदमाशों का धावा, परिवार को बंधक बनाकर 20 लाख की लूट
कनपटी पर तमंचा तानकर की मारपीट, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
आगरा। जनपद के बाह क्षेत्र में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी के घर धावा बोलकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने कारोबारी और उसके परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की तथा लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बाह के जरार क्षेत्र निवासी कपड़ा कारोबारी अमरीश गुप्ता अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी लक्ष्मी गुप्ता और बुजुर्ग मां चंद्रकांता भी मौजूद थीं। बताया गया है कि रात करीब एक बजे अचानक घर की बिजली चली गई। गर्मी महसूस होने पर जैसे ही अमरीश गुप्ता ने दरवाजा खोला, सामने हथियारों से लैस बदमाश खड़े मिले।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने दरवाजा खुलते ही बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद करीब पांच बदमाश घर के अंदर घुस आए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार के मोबाइल फोन छीनकर पानी में फेंक दिए ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके।
कनपटी पर तमंचा तानकर की लूटपाट
बदमाशों ने कारोबारी की कनपटी पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे कीमती सामान की जानकारी मांगी। भय के चलते कारोबारी ने अपने हाथों में पहनी अंगूठियां भी बदमाशों को सौंप दीं। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 10 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लूटपाट के बाद बदमाश परिवार के सभी सदस्यों को कमरे में बंद कर गए।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, पुलिस जांच में जुटी
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह परिवार ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की बिजली का कनेक्शन काट दिया था और पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।