मौत के मुंह से खींच लाई खाकी: 25 फुट गहरे तालाब में कूदकर रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी ने बचाई युवती की जिंदगी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 3 जून 2026

मौत के मुंह से खींच लाई खाकी: 25 फुट गहरे तालाब में कूदकर रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी ने बचाई युवती की जिंदगी

मौत के मुंह से खींच लाई खाकी: 25 फुट गहरे तालाब में कूदकर रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी ने बचाई युवती की जिंदगी

आगरा। फतेहपुर सीकरी में खाकी ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। थाना फतेहपुर सीकरी में तैनात रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी ने अपनी जान की परवाह किए बिना 25 फुट गहरे तालाब में छलांग लगाकर डूब रही युवती की जान बचा ली। उनके इस साहसिक कदम की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

बुधवार को ग्वालियर गेट के पास स्थित एक गहरे तालाब में एक युवती डूबने लगी। युवती को बचाने के लिए आसपास मौजूद लोग शोर मचाने लगे, लेकिन गहरे पानी के कारण कोई भी तालाब में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसी दौरान थाना फतेहपुर सीकरी की चीता मोबाइल मौके से गुजर रही थी।

लोगों की चीख-पुकार सुनकर रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए जूते उतारे और वर्दी में ही तालाब में छलांग लगा दी। गहरे पानी में संघर्ष कर रही युवती तक पहुंचकर उन्होंने अस्थायी रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से उसकी जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरक्षी दीपक सोलंकी के साहस और तत्परता की जमकर प्रशंसा की।

आरक्षी दीपक सोलंकी की बहादुरी और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार ने उन्हें 1000 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।

यह घटना साबित करती है कि संकट की घड़ी में खाकी केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए भी हर जोखिम उठाने को तैयार रहती है।

video

Pages