आगरा में सुबह 4 बजे शराब बिक्री के आरोप पर महिलाओं का हंगामा, ठेके में तोड़फोड़ और आगजनी; 12 लोग जेल भेजे गए
जनपद आगरा:-थाना ट्रान्स यमुना के चंदन नगर क्षेत्र में बुधवार को देशी शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन करते हुए ठेके का ताला तोड़ दिया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शटर उठाकर ठेके के अंदर तोड़फोड़ की तथा शराब की पेटियों को बाहर सड़क पर फेंक दिया। कुछ पेटियों में आग भी लगा दी गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि शराब के ठेके पर निर्धारित समय से पहले, सुबह करीब चार बजे से ही शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। उनका कहना था कि ठेके के आसपास हर समय शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि शराबियों की मौजूदगी के कारण महिलाओं और बच्चियों का क्षेत्र से गुजरना मुश्किल हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठेका बंद कराने की मांग पर अड़ी रहीं और ठेके के सामने धरने पर बैठ गईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी आबकारी विभाग को दे दी गई है। शराब ठेके के संचालन और बिक्री के निर्धारित समय का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं ठेके पर तोड़फोड़, आगजनी और उपद्रव के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 महिलाओं और 3 पुरुषों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।