भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती पर तानगढ़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, शांति और सद्भाव का दिया संदेश
आगरा:-मुढ़ी जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव तानगढ़ी में भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती (बुद्ध पूर्णिमा) बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क तानगढ़ी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गांव में भव्य शांति मार्च (प्रभात फेरी) का आयोजन किया गया। सफेद वस्त्र धारण किए श्रद्धालु हाथों में पंचशील ध्वज लेकर "बुद्धं शरणं गच्छामि" और "जय भीम, जय बुद्ध" के उद्घोष के साथ गांव की प्रमुख गलियों से होकर गुजरे। शांति मार्च ने पूरे क्षेत्र में भाईचारे, अहिंसा और मानवता का संदेश प्रसारित किया। मार्ग में ग्रामीणों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया।
दोपहर में आयोजित सामूहिक प्रार्थना सभा एवं धम्म देशना कार्यक्रम में वक्ताओं और बौद्ध अनुयायियों ने भगवान बुद्ध के सत्य, करुणा, मैत्री और अष्टांगिक मार्ग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भगवान बुद्ध के विचार समाज को नई दिशा देने और आपसी वैमनस्य को समाप्त करने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान भी किया।
समारोह के दौरान पूरे गांव को रंग-बिरंगी रोशनी, पंचशील ध्वजों और सजावटी झंडियों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें भगवान बुद्ध के जीवन और उनके उपदेशों पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे एवं खीर प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बुद्ध पूर्णिमा का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में शांति, समानता और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का प्रेरणादायक संदेश भी दे गया।