गोल्ड लोन छुड़ाकर लौट रहे व्यक्ति के आभूषण चोरी: ताजगंज पुलिस ने 3 शातिर चोरों को दबोचा
आगरा। थाना ताजगंज पुलिस ने ऑटो में बैठी सवारी के बैग से आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, आभूषण गलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 30 मई 2026 को एक बैंक से अपना गोल्ड लोन चुकाकर आभूषण लेकर निकला था। ताज व्यू चौराहे से वह एक ऑटो में बैठा, जिसमें पहले से दो सवारियां मौजूद थीं। आरोप है कि सफर के दौरान उन सवारियों ने चालाकी से उसके बैग की चेन खोलकर उसमें रखे आभूषण चोरी कर लिए। जब पीड़ित ऑटो से उतरा तो उसने बैग की चेन खुली देखी, लेकिन तब तक ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था।
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना ताजगंज में मु0अ0सं0 177/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर 9 जून 2026 को होटल आइकन के पास से घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो, कोयले के टुकड़ों और पीली धातु के अवशेषों से भरी एक छोटी कटोरी, पीली धातु का सिक्का नुमा टुकड़ा तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर उनकी पहचान मिटाने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। ताजगंज पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।