"पंजाब से झारखंड तक फैले शराब तस्करी सिंडिकेट पर ट्रांस यमुना पुलिस का प्रहार, 30 लाख की खेप के साथ तीन गिरफ्तार" - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 25 जून 2026

"पंजाब से झारखंड तक फैले शराब तस्करी सिंडिकेट पर ट्रांस यमुना पुलिस का प्रहार, 30 लाख की खेप के साथ तीन गिरफ्तार"

"पंजाब से झारखंड तक फैले शराब तस्करी सिंडिकेट पर ट्रांस यमुना पुलिस का प्रहार, 30 लाख की खेप के साथ तीन गिरफ्तार"

अपराधियों में खौफ,कार्रवाई में दम: थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार की टीम ने किया अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़

जनपद आगरा:- कमिश्नरेट आगरा की थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर एक कंटेनर, एक विटारा ब्रेजा कार, तीन मोबाइल फोन, एक नेट कनेक्ट डोंगल और नकदी बरामद की है। गिरोह पंजाब से शराब लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार 24 जून को थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर में पंजाब की अवैध शराब और बीयर भरकर झारखंड भेजी जा रही है। तस्करों ने पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने और रास्ता साफ कराने के लिए कंटेनर के आगे एक विटारा ब्रेजा कार भी लगा रखी थी, जो लगातार रेकी का काम कर रही थी।

सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कंटेनर और कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कंटेनर की जांच में 350 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में खुली तस्करी की परतें

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद शराब पंजाब से लाई गई थी और इसे झारखंड में खपाने की तैयारी थी। गिरोह का संचालन कुछ अन्य लोग कर रहे थे, जो अभी फरार हैं। आरोपी रास्ते भर एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे और आगे चल रही कार पुलिस चेकिंग की जानकारी कंटेनर चालक तक पहुंचाती थी।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से पंजाब से अवैध शराब लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में सप्लाई कर रहा था। मामले में पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

ये हुए गिरफ्तार

पुलिस ने राजस्थान निवासी बभूताराम हरियाणा निवासी अनिल कुमार और जगदीप को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह से जुड़े भूपेंद्र दहिया और दीपक फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भारी मात्रा में हुई बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 350 पेटी अवैध शराब और बीयर, एक कंटेनर, एक मारुति विटारा ब्रेजा कार, तीन मोबाइल फोन, एक डोंगल और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद शराब में रॉयल ग्रीन, इम्पीरियल ब्लू, एमसी डॉवेल्स सहित कई ब्रांड शामिल हैं।

थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता

थाना ट्रांस यमुना के थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार अपनी बेहतरीन कार्यशैली, सख्त पुलिसिंग और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में अपराधियों में खौफ का माहौल बना हुआ है और लगातार अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम देखने को मिल रहे हैं। अवैध शराब तस्करी के इस बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ भी उनकी रणनीतिक कार्यशैली, कुशल नेतृत्व और टीम के बेहतर समन्वय का परिणाम माना जा रहा है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई को थाना ट्रांस यमुना के थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक ऋषि कुमार, उपनिरीक्षक गुरविंदर सिंह, उपनिरीक्षक मोहित सिंह, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, कांस्टेबल शिवकेश, कांस्टेबल अभिषेक मलिक, कांस्टेबल गितिश गोयल एवं कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम की सतर्कता, सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई और प्रभावी घेराबंदी के चलते अंतरराज्यीय शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ संभव हो सका।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना करते हुए इसे अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी सफलता बताया है। यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि आगरा पुलिस अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

video

Pages