ऑटो सवार स्नैचर्स गिरोह का भंडाफोड़: खंदौली पुलिस ने 4 शातिर बदमाश दबोचे, लूटी गई नगदी व ऑटो बरामद
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑटो में सवार होकर राहगीरों से लूटपाट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नगदी, नेकबैंड, पावर बैंक तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर के निर्देशन में थाना खंदौली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 को पीड़ित द्वारा थाना खंदौली में तहरीर देकर बताया गया कि 05/06 जून की रात ऑटो सवार चार अज्ञात युवकों ने उससे नगदी, मोबाइल फोन, नेकबैंड और पावर बैंक छीन लिया था। शिकायत के आधार पर थाना खंदौली में मुकदमा संख्या 179/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। 21 जून को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी बिजली घर के पीछे तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ईशू पुत्र अर्जुन सिंह, सुमित उर्फ कंगारू पुत्र बलवीर सिंह, सौरभ पुत्र करन सिंह तथा संजीव उर्फ संजू पुत्र राजेन्द्र निवासी टेड़ी बगिया क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी शातिर अपराधी हैं और पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए 13,890 रुपये नकद, एक नेकबैंड, एक पावर बैंक तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
अपराधियों में खौफ, जनता में भरोसा
थाना खंदौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय है। रात के अंधेरे में लोगों को निशाना बनाने वाले शातिर स्नैचर्स अब सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक हितेश कुमार दीक्षित, उपनिरीक्षक अभिषेक सचान, उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन, कांस्टेबल रामप्रकाश एवं कांस्टेबल लेखराजपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हल्का इंचार्ज अभिषेक सचान की कार्यशैली की चर्चा
पोइया चौकी क्षेत्र के हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक अभिषेक सचान अपनी तेजतर्रार कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। क्षेत्र में अपराधियों के बीच उनका विशेष खौफ माना जाता है और कई मामलों के सफल खुलासे में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस कार्रवाई में भी उनकी सक्रियता और सटीक सूचना तंत्र ने गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम योगदान दिया।