आगरा में 21 लाख की ठगी का पर्दाफाश: नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर लाखों हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 22 जून 2026

आगरा में 21 लाख की ठगी का पर्दाफाश: नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर लाखों हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा में 21 लाख की ठगी का पर्दाफाश: नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर लाखों हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना शाहगंज पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके परिजनों से 21 लाख रुपये की ठगी की थी तथा फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर उन्हें गुमराह किया था।

पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना शाहगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजेश कुमार बघेल, योगेन्द्र प्रताप सिंह, कु. अनुज तथा उनके अन्य साथियों ने उसके बेटे की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर 21 लाख रुपये ले लिए। आरोपियों ने विश्वास दिलाने के लिए युवक को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी उपलब्ध कराया। बाद में जब नौकरी और दस्तावेजों की वास्तविकता सामने आई तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज में मु0अ0सं0 290/2026 के तहत धारा 318(4), 319, 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नगर के नेतृत्व एवं सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए 21 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी योगेन्द्र प्रताप सिंह को एफसीआई कट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को शाहगंज पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

video

Pages