मलपुरा पुलिस की कार्रवाई, जुआ खेलते 5 जुआरी गिरफ्तार
आगरा। कमिश्नरेट आगरा में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलपुरा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन, प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मलपुरा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग पथौली पुल के पास ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते एवं 1,670 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना मलपुरा में मु0अ0सं0 267/2026 के तहत धारा 13जी जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना मलपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे और आमजन सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें।