जगदीशपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन सगे भाइयों समेत चार जुआरी गिरफ्तार, ₹76 हजार से अधिक नकदी बरामद
आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹76,390 नकद, ताश के पत्ते और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जगदीशपुरा पुलिस को सूचना मिली थी कि बोदला क्षेत्र के चौखे नगर स्थित एक मकान में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस ने चार लोगों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख, सलमान, शकील और वकील उस्मानी के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी आपस में सगे भाई बताए गए हैं। सभी आरोपी बोदला और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से ₹76,390 नकद, 52 ताश के पत्ते और चार मोबाइल फोन बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शाहरुख के मकान पर काफी समय से हार-जीत का यह खेल संचालित किया जा रहा था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी सलमान के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद वह अवैध गतिविधियों में शामिल रहा। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।