किड्स वनस्थली पब्लिक स्कूल में समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 5 जून 2026

किड्स वनस्थली पब्लिक स्कूल में समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक

किड्स वनस्थली पब्लिक स्कूल में समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक

आगरा:- कालिंदी विहार स्थित किड्स वनस्थली पब्लिक स्कूल में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप 2026 का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, गायन, कला एवं मार्शल आर्ट्स की शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार मित्तल, डिप्टी डायरेक्टर वेद कुमार मित्तल, डायरेक्टर मनीष कुमार मित्तल एवं सुपरवाइजर ममता बघेल द्वारा संस्थापक एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

समर कैंप के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से ताइक्वांडो प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट्स की विभिन्न तकनीकों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों का आत्मविश्वास और उत्साह देखने लायक था।

मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार मित्तल ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की रुचियों को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

डिप्टी डायरेक्टर वेद कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं शारीरिक कौशल भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को संस्कारों के साथ आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

डायरेक्टर मनीष कुमार मित्तल ने कहा कि समर कैंप केवल अवकाश का सदुपयोग नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और अनुशासन विकसित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने अभिभावकों द्वारा विद्यालय पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सुपरवाइजर ममता बघेल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पूरे स्टाफ के सहयोग से यह समर कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान बच्चों ने डांस, आर्ट, क्राफ्ट और ताइक्वांडो सहित अनेक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समारोह के समापन पर समर कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उपस्थित अभिभावकों को भी विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज एवं शुभम ने किया। इस अवसर पर प्रीति, रीमा, साधना सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

video

Pages