विपिन शर्मा बने आगरा फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष, 8 अगस्त को होगी मिस्टर एथलीट बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप
आगरा। शहर के सदर बाजार स्थित रेड चिली रेस्टोरेंट में आगरा फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन (AFBBA) के तत्वावधान में स्वागत समारोह एवं प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिटनेस जगत से जुड़े पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में विपिन शर्मा को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
एसोसिएशन के महासचिव महफूज़ आलम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विपिन शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। पदाधिकारियों ने उनके नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा कि उनके अनुभव और कार्यशैली से आगरा में फिटनेस एवं बॉडी बिल्डिंग खेल को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर विपिन शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आगरा के खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा फिटनेस के प्रति युवाओं को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विशेष ध्यान देगी।
कार्यक्रम में आगामी 8 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली "मिस्टर एथलीट बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप" के पोस्टर का भी विमोचन किया गया। यह प्रतियोगिता माही इंटरनेशनल स्कूल, तेहरा में आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में आगरा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बॉडी बिल्डर्स और फिटनेस खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि विपिन शर्मा के नेतृत्व में आगरा में बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस गतिविधियों को और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी मोना भाई, वी.के. मित्तल और योगेश भाई उपस्थित रहे। उन्होंने विपिन शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट जीत शर्मा, सचिव दीपू ठाकुर, संजय वर्मा, सतीश कुमार, रफी कुरैशी, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार, सौरभ शर्मा, सत्यभाई, प्रमोद ठाकुर, आकाश शर्मा, दीपक शर्मा, मोनू यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं फिटनेस जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगरा को फिटनेस हब के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ हुआ।