यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: झपकी आने से बस में घुसी कार, जौनपुर के 9 श्रद्धालु घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 13 जून 2026

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: झपकी आने से बस में घुसी कार, जौनपुर के 9 श्रद्धालु घायल

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: झपकी आने से बस में घुसी कार, जौनपुर के 9 श्रद्धालु घायल

जनपद आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के अंतर्गत छलेसर चौकी के पास शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर से वृंदावन जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार कार आगे चल रही बस में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक वर्षीय मासूम बच्ची समेत कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का प्राथमिक कारण कार चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। 

सुबह 6:30 बजे चीख-पुकार से दहला एक्सप्रेस-वे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के रहने वाले श्रद्धालु कार में सवार होकर बांके बिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे जैसे ही उनकी कार छलेसर चौकी के नजदीक पहुंची, तभी चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। अनियंत्रित कार सीधे आगे चल रही बस के पिछले हिस्से में जा धंसी। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू, अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भिजवाया।आरएस अस्पताल में चार सामान्य रूप से घायलों को यहां भर्ती कराया गया है।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर और त्वरित इलाज के लिए आगरा के अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।

हादसे में घायल होने वालों में पूजा पत्नी पंकज, अमर (पुत्र गोपाल, एक वर्षीय मासूम बच्ची आराध्या, हरिओम पुत्र जगदीश, सावित्री पत्नी गोपाल, आस्था और सोनम समेत कुल 9 लोग शामिल हैं।

पुलिस द्वारा बताया कि दुर्घटना की सूचना पीड़ितों के परिजनों को दे दी गई है। एक्सप्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है, हालांकि शुरुआती जांच में ड्राइवर की लापरवाही और नींद आना ही हादसे की मुख्य वजह सामने आई है।

video

Pages