सिकंदरा पुलिस की बड़ी सफलता: 9 दिन से लापता दो नाबालिग बालिकाएं नागपुर से सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस एवं सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए नौ दिन से लापता दो नाबालिग बालिकाओं को महाराष्ट्र के नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को थाना सिकंदरा क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाएं अचानक लापता हो गई थीं। अगले दिन 19 जून को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने रुनकता निवासी अभिषेक पर संदेह जताते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर एसीपी हरीपर्वत के पर्यवेक्षण में थाना सिकंदरा पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच के दौरान दोनों बालिकाओं की लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई और 27 जून को दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नागपुर निवासी कार्तिक सिंह तथा रुनकता निवासी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों बेटियों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और आगरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उनकी बेटियों को सुरक्षित वापस लाकर बड़ी जिम्मेदारी निभाई।
सिकंदरा पुलिस और सर्विलांस सेल की इस संयुक्त कार्रवाई को तकनीकी जांच, सतर्कता और त्वरित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।