थाना बरहन क्षेत्र में मेड़ काटने पर भिड़े पड़ोसी: सरेआम लहराया तमंचा, मौके पर पहुंची पुलिस: ACP देवेश सिंह बोले- 'दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई'
थाना बरहन क्षेत्र के खांडा गांव का मामला: पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
आंवलखेड़ा (आगरा) थाना बरहन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नगला धौकल में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ-साथ सरेआम हथियारों का प्रदर्शन शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इस पूरी घटना का 17 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग खुलेआम तमंचा लहराते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
खेत की मेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव खांडा के निवासी रिंकू पुत्र श्याम सिंह, संतोष पुत्र राजेश, मुन्नेश पुत्र सत्यवीर तथा सत्यवीर पुत्र मुरारी लाल के बीच खेत की मेड़ को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में यह मामूली बहस हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
थाना पुलिस के पहुंचने से पहले भागे आरोपी
हथियार लहराने और हंगामे की सूचना मिलते ही थाना बरहन पुलिस की टीम तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के उपद्रवी और आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद दोनों ही पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गुरुवार को थाना बरहन क्षेत्र में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के मध्य झगड़ा होने और तमंचा लहराने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच की। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। वर्तमान में मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।