राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 मोबाइल और बाइक बरामद
आगरा। थाना शाहगंज पुलिस ने राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को एक युवक ने थाना शाहगंज में तहरीर देकर बताया था कि वह कमला नगर जाने के लिए कमला नगर तिराहे पर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और उसका मोबाइल फोन छीनने लगे। जब पीड़ित ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो आरोपी उसे बाइक के साथ घसीटते हुए मलपुरा तिराहे से खेरिया मोड़ तक ले गए और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 17/18 जून की रात पुलिस ने बारहखम्भा डबल फाटक के पास दबिश देकर शिवम चौहान और अमित गौतम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके एक बाल अपचारी साथी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी गौरव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा छीने गए आठ मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से मोबाइल छिनैती की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।