जानलेवा हमले के आरोपी को मलपुरा पुलिस ने दबोचा, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने जान से मारने की नीयत से किए गए हमले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, मिस कारतूस और घटना में प्रयुक्त खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कमिश्नरेट आगरा में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में थाना मलपुरा पुलिस टीम सक्रिय थी।
मामले में वादी देवेन्द्र कुमार निवासी सैनिक नगर, राजपुर चुंगी, थाना सदर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता पर महावीर, सुरेन्द्र, प्रताप तथा तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने अवैध तमंचे से फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर थाना मलपुरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने 5 जून 2026 को चेकिंग एवं गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रताप तोमर को निर्माणाधीन आगरा रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मिस कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। वहीं उसकी निशानदेही पर एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जूट का बोरा भी बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 229 बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।