विश्व पर्यावरण दिवस पर ताजनगरी में हरित संकल्प: "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हुआ व्यापक पौधारोपण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 6 जून 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर ताजनगरी में हरित संकल्प: "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हुआ व्यापक पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर ताजनगरी में हरित संकल्प: "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हुआ व्यापक पौधारोपण

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ताजनगरी में पर्यावरण संरक्षण, मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता और हरित भविष्य का संदेश एक साथ गूंजा। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

ताज पूर्वी गेट के समीप स्थित ताज नेचर वॉक में आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और नगेंद्र प्रताप ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि "जल है तो कल है और वन है तो जीवन है", इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।

जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। दीवानी परिसर में संजय कुमार मलिक ने पौधारोपण किया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में मनीष बंसल ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसी क्रम में आगरा विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष अरुणमौली, नगर निगम आगरा में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त संतोष कुमार ने पौधारोपण किया। विकास भवन में प्रतिभा सिंह द्वारा पौधे रोपे गए।

निजी क्षेत्र की भागीदारी भी इस अभियान में देखने को मिली। Torrent Power के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एचआर वाइस प्रेसिडेंट अभिजीत काले, महाप्रबंधक राकेश कुमार, अब्दुल सलाम, आनंद सिंह, पवन कुमार, पीयूष सिन्हा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।

video

Pages