ताजमहल में गर्मी से बिगड़ी पर्यटक की तबीयत, सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आगरा। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर मंगलवार को एक महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते युवती को समय रहते चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार उड़ीसा के भुवनेश्वर निवासी 17 वर्षीय देवास्मिता मिश्रा अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा आई थीं। मंगलवार को वह ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती को घबराहट होने लगी और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। उनकी हालत खराब होते देख परिवार के सदस्य घबरा गए और मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से तत्काल मदद मांगी। घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के उप निरीक्षक पीयूष कुमार ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को अवगत कराया।
सूचना पर क्यूआरटी प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। महिला पर्यटक की स्थिति को देखते हुए ताजमहल पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र से तुरंत एम्बुलेंस मंगवाई गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए युवती को सुरक्षित रूप से पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से देवास्मिता मिश्रा की हालत में तेजी से सुधार हुआ और कुछ ही समय बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। राहत मिलने के बाद युवती और उनके परिजनों ने सीआईएसएफ तथा ताज सुरक्षा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। परिवार ने कहा कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
इन दिनों आगरा सहित पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। दोपहर के समय तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिसके चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचाव करने, सिर को ढककर बाहर निकलने तथा अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है।
ताजमहल में हुई इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयास किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।