पत्नी-बेटी के बिछड़ने का दर्द: मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 17 जून 2026

पत्नी-बेटी के बिछड़ने का दर्द: मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

पत्नी-बेटी के बिछड़ने का दर्द: मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आगरा। थाना बाह क्षेत्र के रूदमुली गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊंचे टावर पर युवक को खड़ा देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और किसी अनहोनी की आशंका से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी सूझबूझ व धैर्य से युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर एक बड़ा हादसा टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, जरार निवासी रीतेश शर्मा अपने ममाने गांव रूदमुली आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि रीतेश की पत्नी रानू अपनी चार वर्षीय बेटी भानू के साथ कुछ समय पहले छत्तीसगढ़ स्थित अपने मायके चली गई थी। घरेलू विवाद के चलते वह लंबे समय से वापस नहीं लौटी थी। पत्नी और बेटी के दूर रहने से रीतेश मानसिक तनाव से गुजर रहा था और पिछले कुछ समय से काफी परेशान दिखाई दे रहा था।

सोमवार को वह गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोग लगातार उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन वह काफी देर तक टावर पर ही खड़ा रहा। स्थिति गंभीर होते देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर नौरंगी घाट चौकी प्रभारी अशेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बल प्रयोग के बजाय बातचीत का सहारा लिया। करीब एक घंटे तक पुलिसकर्मी युवक को समझाते रहे और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्याओं को सुना जाएगा तथा परिवार के साथ मिलकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस की समझाइश और मानवीय व्यवहार का असर हुआ और आखिरकार रीतेश सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने उसे आवश्यक परामर्श देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता, संयम और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। पुलिस की सूझबूझ से एक संभावित हादसा टल गया और युवक की जान सुरक्षित बच गई।

video

Pages