ताजमहल के पास थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं का गुबार स्मारक क्षेत्र तक पहुंचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 20 जून 2026

ताजमहल के पास थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं का गुबार स्मारक क्षेत्र तक पहुंचा

ताजमहल के पास थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं का गुबार स्मारक क्षेत्र तक पहुंचा

आगरा। ताजमहल के नजदीक स्थित धांधुपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठने वाला घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया और उसका असर ताजमहल क्षेत्र तक भी देखा गया।

जानकारी के अनुसार, थाना ताजगंज क्षेत्र के धांधुपुरा में संचालित थर्माकोल फैक्ट्री में कर्मचारी रोज की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। शुरुआत में कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन थर्माकोल जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में फैलता काला धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों को फैक्ट्री से बाहर निकलना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग से उठता धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था और ताजमहल स्मारक क्षेत्र तक इसका प्रभाव महसूस किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। ताजमहल के समीप हुई इस घटना ने सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

video

Pages