आगरा कैंट स्टेशन पर लावारिस मिला 4 टन खोआ नष्ट, एफएसडीए ने जांच के लिए भेजे नमूने - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 20 जून 2026

आगरा कैंट स्टेशन पर लावारिस मिला 4 टन खोआ नष्ट, एफएसडीए ने जांच के लिए भेजे नमूने

आगरा कैंट स्टेशन पर लावारिस मिला 4 टन खोआ नष्ट, एफएसडीए ने जांच के लिए भेजे नमूने

आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर लावारिस अवस्था में मिले करीब 4 हजार किलोग्राम (4 टन) खोआ को नियमानुसार नष्ट करा दिया। बरामद खोआ की अनुमानित बाजार कीमत 8 से 10 लाख रुपये बताई गई है। विभाग ने गुणवत्ता की जांच के लिए चार नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 18 जून को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के बुकिंग कार्यालय के पास लावारिस हालत में 80 पैकेट खोआ (मावा) बरामद किए गए थे। इनमें 67 प्लास्टिक बैग और 13 जूट बैग शामिल थे। बरामद माल के संबंध में न तो कोई व्यक्ति दावा करने पहुंचा और न ही इसके स्वामित्व को लेकर कोई जानकारी सामने आई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोआ के चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए और उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया। इसके बाद शेष खोआ को थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित भूमिया रोड पर गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार नष्ट कराया गया।

यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवीन्द्र सिंह परमार, आशुतोष सिंह, राकेश कुमार, राकेश कुमार यादव, सुरेन्द्र कुमार चौरसिया एवं अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में एफएसडीए की चार अलग-अलग टीमों ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों से दूध, दही, क्रीम, मलाई और बर्फी समेत 12 खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एफएसडीए की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

video

Pages