ग्राम पंचायत बरीगवा खुर्द का ई-ज्ञानालय बना बदलाव की नई रोशनी, शिक्षा से सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन की ओर अग्रसर
आगरा:-विकास खंड जगनेर की ग्राम पंचायत बरीगवा खुर्द में स्थापित ई-ज्ञानालय (ई-लाइब्रेरी) ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण का सशक्त केंद्र बनकर उभरा है। आगरा मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर तथा राजस्थान सीमा से सटे इस ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं और बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।
ग्राम पंचायत बरीगवा खुर्द में स्थापित यह पहला ई-ज्ञानालय अब बदलाव की एक प्रेरणादायक कहानी बन चुका है। पहले जहां कई बालिकाओं की शिक्षा कम उम्र में ही बाधित हो जाती थी तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियां देखने को मिलती थीं, वहीं अब यह केंद्र शिक्षा, समानता, जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया है। ई-ज्ञानालय ने न केवल अध्ययन के अवसर प्रदान किए हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और व्यवहार परिवर्तन की नई अलख भी जगाई है।
ई-ज्ञानालय में बालक एवं बालिकाएं एक साथ बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जिससे उनमें समानता, सहयोग और आत्मविश्वास की भावना विकसित हो रही है। सह-शिक्षा के इस सकारात्मक वातावरण ने समाज की पारंपरिक सोच में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा को अधिक महत्व देने लगे हैं तथा उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
ई-ज्ञानालय में विद्यार्थियों के लिए शांत एवं सुव्यवस्थित अध्ययन कक्ष, समृद्ध पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन सामग्री, आधुनिक संसाधन, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, सहज पहुंच तथा अनुशासित अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही विभिन्न जागरूकता एवं मार्गदर्शन संबंधी सामग्री के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया जा रहा है। शहरों तक सीमित आधुनिक अध्ययन सुविधाओं को गांवों तक पहुंचाकर यह पहल ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है।
यह ई-ज्ञानालय केवल अध्ययन का केंद्र नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक परिवर्तन और कुरीतियों के उन्मूलन का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे प्रत्येक युवा को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त हो रहा है।